JioStar के स्वामित्व वाले OTT प्लेटफॉर्म JioHotstar ने बुधवार को UK, Canada और Singapore में अपनी अंतरराष्ट्रीय सेवाओं की शुरुआत की। कंपनी के मुताबिक, इस लॉन्च के साथ प्लेटफॉर्म ने खुद को एक ग्लोबल एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
JioHotstar के पास फिलहाल 12 से अधिक भाषाओं में 1.60 लाख घंटे से ज्यादा का कंटेंट उपलब्ध है। प्लेटफॉर्म के अनुसार, इसके 50 करोड़ से अधिक एक्टिव यूजर्स हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में लॉन्च के साथ दर्शकों को कंटेंट खोजने और उससे जुड़ने के लिए पर्सनलाइज्ड रिकमेंडेशन, इंटरैक्टिव फीचर्स और अलग-अलग सब्सक्रिप्शन विकल्प जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।

कंपनी ने बताया कि UK, Canada और Singapore में प्लेटफॉर्म का मुख्य फोकस दक्षिण एशियाई प्रवासी समुदाय पर रहेगा। हालांकि, JioHotstar की योजना इन बाजारों में व्यापक वैश्विक दर्शकों को भी आकर्षित करने की है।
JioHotstar ने यह भी कहा कि इन तीनों बाजारों में हर साल 30,000 घंटे से अधिक नया कंटेंट जोड़ा जाएगा। इस विस्तार के साथ प्लेटफॉर्म का लक्ष्य भारतीय और दक्षिण एशियाई मनोरंजन को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना और अलग-अलग बाजारों में अपनी मौजूदगी मजबूत करना है।



