उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए चारधाम यात्रा को शनिवार और रविवार के लिए स्थगित कर दिया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों के लिए बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी किया है। पत्र में मौसम विभाग के पूर्वानुमान का हवाला देते हुए कहा गया है कि देश-विदेश से चारधाम यात्रा के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को शनिवार दोपहर से रविवार तक स्थगित रखा जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा प्राथमिकता है। प्रशासन लगातार मौसम और बारिश की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम में सुधार और परिस्थितियों की समीक्षा के बाद यात्रा को दोबारा शुरू करने को लेकर आगे फैसला लिया जाएगा।


