उत्तर प्रदेश में निर्माणाधीन पुल का हिस्सा गिरा, छह मजदूरों की मौत

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जब बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इस दर्दनाक हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार घटना सुबह करीब 3 बजे परसानी और कंदौर गांवों के बीच हुई।

जानकारी के मुताबिक मौराकांदर से कुरारा तक बनाए जा रहे पुल के स्लैब का हिस्सा तेज आंधी के बाद अचानक टूटकर गिर गया। हादसे के समय पुल निर्माण कार्य में लगे कई मजदूर स्लैब के ऊपरी हिस्से पर सो रहे थे। अचानक स्लैब गिरने से मजदूर उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और पुल निर्माण में किसी तरह की लापरवाही की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *