केरल में मासूम की मौत से सनसनी, शरीर पर चोट और जलाने के निशान

तिरुवनंतपुरम: केरल से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक दर्दनाक मामला सामने आया है। डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे की कथित तौर पर लगातार शारीरिक प्रताड़ना के बाद मौत हो गई। बच्चे को 31 मई को खांसी और खून की उल्टी होने पर अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे की मां और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है।

बच्चे के नाना-नानी ने आरोप लगाया कि मासूम को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआती जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चे के शरीर पर कई पुराने घावों और चोटों के निशान देखे, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने सभी को स्तब्ध कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार, बच्चे के शरीर पर कुल 51 चोटों के निशान पाए गए। पुलिस के मुताबिक, बच्चे की मौत गंभीर सिर की चोट और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में हुई भारी क्षति के कारण हुई। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों हाथों में फ्रैक्चर था और शरीर पर कई पुराने जख्मों के निशान मौजूद थे। अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल साक्ष्य बताते हैं कि बच्चे को मौत से पहले दो से तीन सप्ताह तक लगातार शारीरिक हिंसा का सामना करना पड़ा।

मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। बच्चे के नाना-नानी और दादा-दादी का आरोप है कि उसके शरीर पर गोल आकार के जलने के निशान थे, जो कथित तौर पर सिगरेट से दागे गए थे। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *