सूर्या हत्याकांड के बाद योगी सरकार का एक्शन, परिवार को सौंपा नियुक्ति पत्र

गाज़ियाबाद: गाज़ियाबाद के 17 वर्षीय सूर्या प्रताप चौहान हत्याकांड पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। बिजनौर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने कहा कि “दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती।” उन्होंने यह भी कहा कि जो माता-पिता अपने बच्चों को सही दिशा नहीं दे पाते, वे बड़ी गलती कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब गाज़ियाबाद के खोड़ा क्षेत्र में घटना को लेकर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी और उसके साथियों ने कथित तौर पर बाइक चलाने को लेकर हुए विवाद के बाद सूर्या पर हमला करने की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी आसद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया।

इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने पीड़ित परिवार को सहायता देने की घोषणा पर अमल शुरू कर दिया है। पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी सूर्या के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। प्रशासन की ओर से सूर्या की मां सरोज को खोड़ा नगर पालिका के स्वच्छता विभाग में संविदा पर स्वच्छता पर्यवेक्षक (Sanitation Supervisor) पद के लिए नियुक्ति पत्र सौंपा गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। वहीं, इस मामले को लेकर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, युवाओं में बढ़ती हिंसा और अभिभावकों की जिम्मेदारी पर भी बहस तेज हो गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *