
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति Donald Trump एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ऐसा पॉडकास्ट रीपोस्ट किया है, जिसमें भारत और चीन को लेकर आपत्तिजनक और विवादित टिप्पणियां की गई हैं। यह पॉडकास्ट अमेरिकी रेडियो होस्ट Michael Savage का है, जिसमें जन्मसिद्ध नागरिकता (Birthright Citizenship) पर चर्चा के दौरान कई तीखे बयान दिए गए।
पॉडकास्ट में सैवेज ने अमेरिका की उस नीति की आलोचना की, जिसमें देश में जन्म लेने वाले बच्चों को नागरिकता मिलती है। उन्होंने दावा किया कि भारत और चीन जैसे देशों के लोग इस कानून का गलत फायदा उठाते हैं और इसी संदर्भ में उन्होंने कई अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसे लेकर विवाद बढ़ गया है।
ट्रंप ने इस पॉडकास्ट का वीडियो और ट्रांसक्रिप्ट दोनों शेयर किए। यह कदम उन्होंने उस इंटरव्यू के एक दिन बाद उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि दुनिया में सिर्फ अमेरिका ही ऐसा देश है जहां जन्मसिद्ध नागरिकता दी जाती है। हालांकि, विशेषज्ञों ने उनके इस दावे को गलत बताया है।
इस पूरे मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस को तेज कर दिया है। कई लोगों ने इन टिप्पणियों को नस्लवादी और भड़काऊ बताते हुए कड़ी आलोचना की है।
यह विवाद ऐसे समय पर सामने आया है, जब अमेरिका में इमिग्रेशन और नागरिकता कानून को लेकर पहले से ही तीखी बहस चल रही है। फिलहाल इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक सफाई नहीं दी गई है, लेकिन यह मामला अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बनता जा रहा है।



