सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में लगातार सामने आ रहे गोलीकांड और साधन संपन्न लोगों से रंगदारी के मामलों के बीच चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की योजना बनाई है। शहर की सीमाओं पर पंजाब और हरियाणा की तरफ से आने-जाने वाले लोगों और वाहनों पर नजर रखने के लिए सुरक्षा का दोहरा घेरा तैयार किया जाएगा।

योजना के तहत चंडीगढ़ से लगती पंजाब और हरियाणा की सीमाओं पर 19 नई पुलिस चेकपोस्ट बनाई जाएंगी। इन चेकपोस्ट को करीब डेढ़ महीने में तैयार करने की योजना है। इसके अलावा शहर में करीब 2,000 नए CCTV कैमरे लगाने के लिए स्थान भी चिह्नित कर लिए गए हैं, जिससे शहर के महत्वपूर्ण इलाकों और प्रवेश-निकास मार्गों पर निगरानी बढ़ाई जा सके।
नई चेकपोस्ट और CCTV कैमरों के जरिए पुलिस संदिग्ध लोगों, वाहनों और गतिविधियों पर नजर रखेगी। साथ ही किसी वारदात के बाद आरोपियों के भागने के रास्तों को ट्रैक करने पर भी पुलिस का फोकस रहेगा। इस पूरी व्यवस्था का उद्देश्य अपराधियों पर शिकंजा कसना और वारदात के बाद उन्हें पकड़ने में पुलिस की कार्रवाई को और तेज करना है।

