टीवी इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री Shilpa Shinde ने लगभग नौ साल बाद एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। ‘भाबीजी घर पर हैं’ विवाद को लेकर सुर्खियों में रहीं शिल्पा ने स्वीकार किया है कि उन्होंने शो के निर्माता Sanjay Kohli के खिलाफ दर्ज कराया गया यौन उत्पीड़न का मामला झूठा था। अभिनेत्री ने कहा कि उस समय वह ऐसी स्थिति में फंस गई थीं जहां उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था।

हाल ही में एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान शिल्पा शिंदे ने बताया कि शो छोड़ने के बाद वह अनुबंध और भुगतान से जुड़े विवादों में उलझ गई थीं। उन्होंने दावा किया कि एफआईआर दर्ज कराने के लिए उन्हें गंभीर आरोप लगाने की सलाह दी गई थी। शिल्पा के अनुसार, मामले का बाद में समझौता हो गया और उनके बकाया भुगतान भी जारी कर दिए गए। उन्होंने कहा कि उस दौर में वह मानसिक रूप से काफी दबाव में थीं और खुद को पूरी तरह घिरा हुआ महसूस कर रही थीं।
अभिनेत्री ने यह भी स्वीकार किया कि इस मामले के कारण निर्माता संजय कोहली की छवि को नुकसान पहुंचा। उन्होंने कहा कि आज वह पहली बार सार्वजनिक रूप से यह स्वीकार कर रही हैं कि आरोप गलत थे। शिल्पा ने बताया कि यदि कभी मौका मिलेगा तो वह सच्चाई जरूर बताएंगी, और अब उन्होंने वही किया है। उनके इस बयान के बाद मनोरंजन जगत में नई बहस छिड़ गई है।
गौरतलब है कि 2016 में शो छोड़ने के बाद शिल्पा शिंदे और निर्माताओं के बीच विवाद काफी बढ़ गया था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे और मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया था। दिलचस्प बात यह है कि 2025 में शिल्पा शिंदे ने एक बार फिर ‘भाबीजी घर पर हैं’ में वापसी की और अब उन्होंने दावा किया है कि शो की पूरी टीम के साथ उनके संबंध पहले से बेहतर हैं।


